कलेक्टर एवं एसपी बैराड़ जनता से रूबरू
शिवपुरी (IDS-PRO) जिले के कलेक्टर श्री राजीव दुबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री एम.एल.छारी बैराड़ नगर थाने के प्रांगण में जनता से रूबरू हुए एवं लोगों की समस्याओं को सुना। जनता द्वारा मध्यान्ह भोजन की शिकायत करने पर त्वरित जांच हेतु नायब तहसीलदार सुनील शर्मा को निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री राजीव दुबे ने स्वच्छता, पी.डी.एस. एवं मध्यान्ह भोजन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पीडीएस की दुकान पर खाद्यान्न माह की 05 तारीख तक पहुंचना चाहिए व 07 एवं 08 तारीख को अनाज का वितरण तथा कैरासिन का वितरण माह की 25 से 30 तारीख के बीच होना चाहिए। जहां मध्यान्ह भोजन वितरण व्यवस्था ठीक नहीं है, वहां सख्ती के साथ कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद बैराड़ के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया एवं स्कूल में छात्राओं से मध्यान्ह भोजन के बारे में पूछा तथा छात्रावास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक श्री एम.एल.छारी ने उपस्थित लोगों से कहा कि पुलिस एवं जनता का आपसी सामंजस्य अच्छा होगा, तभी समस्याओं का त्वरित निदान किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की घटना आदि होने पर तुरंत सूचित करें।